Sunday, January 22, 2017

मतलब का 'मतलब' जानते हैं क्या?

अपनी बात कहते समय छोटे बच्चों को यह ध्यान नहीं रहता कि हम उनकी बात समझ रहे हैं या नहीं। वे एक फ्लो में बस अपनी बात कहते चले जाते हैं। उनके लिए धैर्य के साथ सुनने का भरोसा ही बहुत होता है।

जब हम बड़े बच्चों से बात कर रहे होते हैं तो हम भी इस बात का ख्याल रखना भूल जाते हैं कि वे हमारी बात समझ पा रहे हैं या नहीं।

इसका सबसे अच्छा उदाहरण है, "एक स्कूल में आठवीं क्लास के बच्चों को 'मतलब' का मतलब बताना।" हम लोगों के लिए मतलब यानी बड़ी आसान सी बात है। कुछ बच्चों के लिए मतलब की मिनिंग निकालना भी मुश्किल हो सकता है, हमें इस बात को समझना चाहिए।

Sunday, January 8, 2017

हमारी कहानी

जो कहानी तुम्हारी है। वही मेरी भी है। यही कहा था जाते-जाते उसने। उसके शब्दों में सच्चाई थी। उसने कहा कि थोड़ा गुस्सा होना भी स्वाभाविक है। 

हर समय ख़ामोश रहना और हर परिस्थिति में सिर्फ़ सहना ठीक नहीं होता। कभी-कभी जरूरी होता है स्थितियों का विरोध भी....क्योंकि हम इंसान हैं। हम जीवन को जीने लायक बनाते हैं। उलझनों से बाहर निकलने का रास्ता बनाते हैं। 

एक-दूसरे को सहारा देते हैं। साथ होने का अहसास देते हैं क्योंकि पता है कि बहुत सारे रिश्ते औपचारिकताओं के बोझ तले दबे सिसक रहे हैं। कमज़ोर हो रहे हैं। भुरभुरे हो रहे हैं। दरक रहे हैं। अपनी ऊंचाई से नीचे सरक रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में उम्मीदों को ज़िंदा रखना और हौसलों को उड़ान देना जरूरी है ताकि नए दौर में जीवन सफ़र को थोड़ा आसान बनाया जा सके।

पतझड़ के दिन अब नहीं दूर हैं

यह तस्वीर दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ कैंपस की है। जहाँ ट्रांसलेशन वाले कोर्स के दौरान भावी अनुवादकों और साहित्य शोधकर्ताओं के साथ हर शाम चाय की चुस्कियों के साथ कोई न कोई दास्तां लिखा करते थे।

हम शाम कोई न कोई मुद्दा उछलता, उलझता और सुलझता हुआ बातचीत के दरम्यां अपनी जगह पाने को बेताब होता। हम भी बेताब रहते थे, ऐसी शामों के लिए और चाय की चुस्कियों के लिए। 

हवाओं का रुख बदल गया है

हवाओं ने अपना रूख बदल लिया है। अभी हवा में सर्दी का अहसास है, पेड़ के पत्तों के टूटने की आवाज़ है और धूप का कड़क मिजाज थोड़ा मुलायम हो गया है। मगर सर्दी की धूप का हाल देखकर चिंता होती है कि गर्मी के मौसम में धूप का क्या होगा? लोगों का क्या होगा? राजस्थान के कुछ हिस्सों में तो सर्दी बस सुबह और शाम के मेहमान सरीखा हो गई हैं। जो काम करने वाले इंसानों की तरह बस सुबह और शाम अपने घर पर नजर आती है। दिन में लोग टी-शर्ट पहनकर घूमते नजर आते हैं। रात के समय आग के पास बैठे दिखाई देते हैं। रात और सुबह में सर्दी को सम्मान देते हुए भी नजर आते हैं।  

यहां आसपास दिन में पतंग उड़ाते बच्चे नज़र आते हैं। आज पतंगों के ऊपर ढेर सारी बातें लिखने का मन हो रहा था। जैसे हमारी ज़िंदगी भी पतंगों जैसी है। कभी हवाओं से बात करती है। तो कभी जमीन के ऊपर रफ्ता-रफ्ता चलती सी महसूस होती है। कभी हम बेहद सुरक्षित माहौल में जी रहे होते हैं तो दूसरे लम्हे में इतनी आपाधापी होती है कि पतंग की तरह अपनी नश्वरता का बोध हमारे अस्तित्व को झकझोरता सा महसूस होता है। छोटे बच्चों को पतंग उड़ाने की बार-बार कोशिश करते हुए देखकर उनकी लगन का अहसास होता है कि बच्चे जब किसी चीज़ को पूरे मन से करने की ठान लेते हैं तो फिर उसे करके ही मानते हैं।

आज बाज़ार से कच्चे चने लाया ताकि गाँव के खेतों की याद ताज़ा की जा सके। उसे लेकर बच्चों के पास छत पर गया तो उनका कहना था कि इसे तो भूनकर खाने में ज्यादा आनंद है। फिर क्या था? बच्चों ने चने की थैली संभाली और थोड़ी देर में भूनकर छत पर हाजिर हुए। सबने एक साथ भुने हुए हरे चने खाने का आनंद लिया। सालों बाद उस खुशबू से रूबरू हुए जो यादों का हिस्सा बनकर मन के किसी कोने में क़ैद भी। शाम को आग तापते हुए आग में मटर, आलू और गंजी भूनने वाले और मिट्टी के खिलौने पकाकर मजबूत करने वाले लम्हे याद आए। बल्ब की पीली रौशनी से अक्सर मिट्टी के तेल वाली बोतल और उसमें लगी बाती से बनी रौशनी देने वाली देशी लैंप याद आती है, फिर लालटेन और तेज़ रौशनी वाला लैंप याद आता है। जिसके तेल से अक्सर कोई कॉपी या किताब अपने पन्ने को पारदर्शी कर लेती थी। 

ख़ामोशी से बेहतर है कि संवाद के सिलसिले बने रहें। इस विचार को मूर्त रूप में ढालने की कोशिश में यह पोस्ट लंबे इंतज़ार के बाद लिख रहा हूँ। 

आँकड़ों की दीवार

भरभराकर
जब गिरी आंकड़ों की दीवारें
सच्चाईयां जाने क्यूँ
खामोश हो गयीं
लोगों के दर्द और तकलीफ का
मानवीकरण तो न हुआ
लेकिन लोग और उनकी भावनाएं
जरुर नंबरों में बदल गए

परियों का इंतज़ार

उसे इंतजार रहता था
परियों के आने का
बचपन में उसने सुना था
मुश्किल घडी में बच्चों की
मदद को दौड़ पड़ती हैं परियां
उनकी उदासी दूर करने
उनके चेहरों पर मुस्कान का रंग भरने
इसलिए उसे इन्तजार रहता था
परियों के आने का...